Friday, October 1, 2010

ऊपर वाले को भी थैंक्यू या सॉरी बोला क्या?


आज हर तरफ व्यक्ति बहुत मैनरफुल दिखाई पड़ता है। बात-बात पर थैंक्यू या सॉरी शब्द हर एक की जुबान पर होते हैं। किसी की वजह से हमारा कोई काम बन जाता है, तो हम उसके शुक्रगुजार हो जाते हैं। और हम उसको धन्यवाद देने से नहीं चूकते। अगर हमसे कहीं पर गलती हो जाय, तो हम तुरन्त सॉरी बोलकर बात खत्म कर देना चाहते हैं। लोक-व्यवहार व शिष्टाचार की भाषा हम अच्छी तरह से सीख रहे हैं।

जिंदगी की छोटी-छोटी चीजों में हम अपना आचरण तो दिखाते हैं, परन्तु अमूल्य जीवन देने वाले परमात्मा व परमेश्वर के प्रति भी क्या इतने मैर्नस दिखा पाने में कुशल हैं। उसका समय-समय पर धन्यवाद, शुक्रिया अदा करते हैं या कहीं गलती हो जाने पर शर्मिन्दा भी होते हैं। अपने जन्मदाता के प्रति भी हम कितने शिष्टाचारी हैं, यह भी हमारे आंतरिक आचरण का एक चिंतनीय बिषय है।
हमारी दिलचस्पी हमेशा हर तरफ एक शिष्ट माहौल बनाने की होती है, इसीलिए हम अपने बच्चों को भी शुरु से ही इन सबकी ओर जोर देते हैं। हमारा प्रयास यह होता है कि हम अपने परिवार में अच्छी पावरिश के साथ अच्छे आचरण की भी नींव डालें। बच्चों को छोटी-छोटी बातों में थैंक्यू या सॉरी कहना सिखलाते हैं। हर वक्त धरों में, ऑफिस में एक अच्छे आचरण की हर एक से अपेक्षा की जाती है। कोई व्यक्ति हमारा एक काम कर देता है या फिर हमारे काम में सहायक होता है, तब हम उसका दिल से धन्यवाद देते हैं तथा भविष्य में उसके किसी काम आ जाने का अश्वासन देते हैं। क्या आदर्श शिष्टाचार का यह फार्मूला केवल व्यक्तियों या लोकाचार तक ही सीमित है? जिसने हमें यह जीवन दिया, और हम सबको जीने योग्य बनाया। आखिर उसके साथ क्यों नहीं? जिसकी वजह से हमें यह दुर्लभ सौगात मिली है, क्या हम उसको भी ऐसे ही धन्यवाद देते हैं। हम उससे कहें कि- आपने हमें जो जीवन देकर ऐसा उपकार किया है, इसके बदले मैं आपके किस काम आ सकता हूॅ, ऐसा मुझे रास्ता दिखाओ! आपने मुझे जो यह शरीर दिया व स्वास्थ्य दिया है, इन सबके लिए आपको हृदय से धन्यवाद देता हूॅ तथा इसका मैं कैसे बेहतर प्रयोग कर सकता हूॅ। आपने मुझे जो बुद्धि व विवेक दिया है, इसके लिए शुक्रिया। ज्ञान को बढ़ाने में इसका मैं कैसे इस्तेमाल कर सकता हूॅ। इससे मैं क्या-क्या जान सकता हूॅ यह मुझे बताइये। मेरे शरीर के अंदर जो हृदय लगातार स्पंदन करता है, इसकी हर धड़कन पर केवल आपका अधिकार है। यह जीवन आपका दिया हुआ है, हम सब आपके पात्र हैं, अब आगे का रास्ता आप ही प्रशस्त करें। मेरे शरीर के अंदर प्रविष्ट इस आत्मा को कैसे संवेदनशील बनाया जाय व इसमें परमात्मा का कैसे वास होगा? यह भी आप सिखलाइये। जाने अनजाने, अगर किसी नासमझी से मुझसे गलती हो जाय, तो मुझे नादान समझ कर माफ कर देना। इतना ही नहीं मुझे ज्ञान का ऐसा भवसागर दो ताकि भविष्य में अपनी गल्तियों को न दोहरा कर शर्मिंदा होना पड़े।
ईश्वर नें हमें बहुत कुछ दिया है। जिसका उसे धन्यवाद मिलना ही चाहिए। वैसे तो उसकी ओर से कोई मांग नहीं होती। परंतु जिस तरह से हम दूसरों के बीच अच्छा आचरण अपनाकर उसका हितैषी व लोकप्रिय बनना चाहते हैं, ठीक उसी तरह परमात्मा को धन्यवाद देकर भी परमपिता परमेश्वर के भी प्रिय बन सकते हैं। उसको प्रसन्न रख सकते हैं तथा अपने लिए नये खजाने खोल सकते हैं। हम ईश्वर से नित नये की मांग तो करते हैं, पर पुराने का लेखा जोखा तो पहले ही चुकता हो जाना चाहिए। जो पहले से ही प्राप्त है, बिना मांगे ही मिला है। उसका हिसाब भी साफ होना चाहिए। वह हमारी सभी फरमाइश व आवश्यकताओं का पूरा ध्यान रखता है। इसके बदले में वह हमसे कोई भी अपेक्षा नहीं रखता। हम उसकी सेवा में उसे जो देते हैं, वह सब उसी का दिया हुआ है। हम अपनी ओर से बिशेषकर कुछ नहीं करते हैं। हम उसे उसी का अर्पण करते हैं, जिसमें अपना कुछ भी नहीं लगता है। उसकी ओर से किसी को कोई कमी नहीं होती है, बात केवल इतनी है कि हम इन सबसे कितना फायदा उठा पाते हैं। कुछ भी मांगने से पूर्व जो हमको पहले से ही प्राप्त है उसका भी संरक्षण एवं बेहतर प्रयोग केवल अस्तित्व को अच्छी तरह से समझकर ही संभव है।
अच्छा आचरण व शिष्टाचार हमें लोकप्रिय बनाता है। आदर्श व्यवहार अपनाकर हम लेाक व्यवहार में तो कुशल हो जाते हैं, इसी के साथ जरुरी है कि हम अपने अस्तित्व के आचरण की भी सही परिभाषा सीखकर इस अमूल्य जीवन के प्रति अनुग्रहित हो सकें। शरीर, स्वास्थ्य, नौकरी, रोजगार, रुपया-पैसा जो भी कुछ हमें इस जीवन में ईश्वर से आर्शीवाद स्वरुप प्राप्त है। इन सबका हम पर ऋण है, और हमें इसे इसी जीवन में चुकाने का भरसक प्रयत्न करना चाहिए। जो सही अर्थों में ईश्वर के प्रति थैंक्यू या उपकार जैसा उचित संबोधन होगा।

Wednesday, September 15, 2010

मज़हब नहीं सिखाता- आपस में बैर रखना


अयोध्या की विवादित राम जन्मभूमि मसले पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ द्वारा फैसले की तारीख करीब आती जा रही है, हर तरफ चर्चाओं का आलम बढ़ता जा रहा है कि आखिर फैसला क्या होगा व किसके पक्ष में जायेगा? किस राजीनतिक दल को इसका फायदा होगा और कौन क्या करेगा? इस तरह के कुछ अहम सवाल उभर कर सामने आते जा रहे हैं।
अयोध्या की बात पुरानी है, लेकिन इस पर नई बातें व विवाद समय-समय पर होते जाते हैं। आज, जब सबकुछ सम्मानित न्यायालय के समक्ष व संज्ञान में है, और फैसले की धड़ी आ चुकी है। तो इस समय शांति व सद्भाव को बनाये रखने की बड़ी आवश्यकता है। इसी के साथ हर आदमी को इंसानियत के धर्म को निभानें का मर्म भी समझना बेहद जरुरी है।
बुनियादी बात यह है कि हम किसी भी हालत में मजहबी न बनकर सबसे पहले अपने आप को एक बेहतर इंसान समझें। इंसानियत का रुतबा व दर्जा सबसे ऊपर होता है। इसके बाद किसी भी धर्म की उस पर छाप पड़ती है। सभी के धर्म अलग-अलग जरुर हो सकते हैं, लेकिन इन सभी धर्मों का अर्थ एक ही होता है। कोई व्यक्ति वेद-पुराण या गीता पढ़ता है तो कोई कुरान। कोई मंदिर में भजन-पूजन या प्रार्थना करता है तो कोई मस्जिद में नमाज अदा करता है या कुरान पढ़ता है। दोनों में अंतर केवल ढ़ंग का ही है। पाक कुरान की आयतें भी एक मुसलमान को वही सिखाती हैं जो हिन्दुओं को राम चरित मानस व गीेता बतलाती है। अंतर कहीं नहीं है, केवल जगह अलग है। ईश्वर की आराधना व प्रार्थना करने का तथा अल्लाहताला को याद करने का तरीका अलग हो सकता है, लेकिन मतलब नहीं। जिस तरह से एक इंसान का दुश्मन इंसान नहीं होना चाहिए, इसी तरह एक धर्मावलम्बी को दूसरे मजहब का पूरा सम्मान व इस्तकबाल करना चाहिए। क्योंकि यही सब हमें अपने खुदा या ईश्वर के नजदीक जे जाते हैं। किसी का भगवान या अल्लाह किसी दूसरे को नुकसान पहुंचाने की इजाजद व सलाह कभी नहीं देता है।
हमें वह दिन भी नहीं भुलाना चाहिए, जब हमनें आजादी की जंग साथ मिलकर लड़ी। हम अपनी एकजुटता व आपसी सौहार्द के भरोसे दुश्मनों से जीते भी। कई जगहों पर आज भी हम एक-दूसरे के दुख-सुख में खड़े होते हैं। ईद-बकरीद, होली-दीवाली हम एक दूसरे के धर आते जाते हैं। बधाईयां देते हैं। जरुरत पड़ने पर एक दूसरे की मद्द भी करते हैं। कई हिन्दुओं के दोस्त मुसलमान और मुसलमान के हिन्दू दोस्त भी है। जो एक दूसरे पर अपनी जान तक देनें को हमेशा तैयार रहते हैं। ऐसी भी मिसालें व उदाहरण अपने समाज में ही हैं। इतना होने पर भी सामाजिक व खुले रुप से किन्हीं-किन्हीं मुद्दों पर एक राय नहीं बन पाती। जो आज हिन्दू-मुसलिम एकता के बीच एक बड़ी वजह है, और यही बात आपसी धार्मिक एकता व सामंजस्यता कि लिए एक बड़ा सवाल है। जिसकी जांच-पड़ताल करनी बेहद जरुरी है। केवल धर्मान्धता के नाम पर किसी की जान का दुश्मन बन जाना धर्मवाद नहीं कहा जा सकता। किसी भी धर्म, मजहब या सम्प्रदाय की आड़ लेकर नफरत को बढ़ावा देना, नुकसान पहुंचाना या किसी को उकसाना किसी भी हालत में इंसानियत के खाके में नहीं आता है। कोई मजहब हमें लड़ने के लिए नहीं कहता है, कोई धर्म हमें इंसानियत का दुश्मन नहीं बनाता है। इसके सबसे बड़े दोषी मानव धर्म को न समझनें वाले हैं। जो धर्म व सम्प्रदाय के नाम पर लोगों को भड़काते व उन्माद भरने का काम करते हैं तथा अपना उल्लू सीधा करते हैं। कोई विक्षिप्त आदमी कहीं पर किसी धर्म की पवित्र किताब को जलानें की बात कर देता है, तो कहीं पर एक आदमी की वजह से पूरी कौम दुश्मन नजर आती है। एक व्यक्ति अपने रास्ते से तो भटक सकता है, लेकिन किसी धर्म के साथ ऐसा नहीं होता। धर्म तो रास्ता दिखाता है, वह नहीं भटक सकता। कुछ भटके हुए लोगों को कुछ अराजक व राष्ट्रविरोधी तत्व अपने निजी फायदे के लिए उकसाते हैं। उनके अंदर आपसी नफरत के ऐसे बीज बो देते हैं जो धीरे-धीरे कट्टरपंथी या उग्रवाद का रुप ले लेता है। जिससे किसी धर्म का सरोकार या लेनादेना नहीं होता है। धर्म या कौम के नाम पर दंगा-फसाद, आपस में लड़ना-झगड़ना किसी कौम को मजबूत नहीं करता, बल्कि पूरी इंसानी कौमी ताकत को अंदर से कमजोर करता है।
आज जमाना बहुत तेजी से बदल रहा है। शिक्षा-रोजगार में, आफिस या बाजारों में हमसब मिलजुल कर काम करते हैं। अब इसमें भी कोई दोराय नहीं कि लोगों की सोच बदल रही है। आज का पढ़ा लिखा शिक्षित युवा वर्ग इस बात को अच्छी तरह से समझ रहा है कि इन सब बातों से उन्नति नहीं हो सकती। वह इन सब बातों से हटकर तरक्की चाहता है। उसे लड़ाई-झगड़े पसंद नहीं। जिस बात का हल शांति, अमन व सौहार्द से हो जाय तो ही अच्छा। अब सबको समझनें की जरुरत है। विकास की राह हमें खुद ही पहचाननी होगी।

Friday, September 10, 2010

बातों में काम या काम में बातें



आज के समय में आदमी बहुत व्यस्त होता जा रहा है। उसको एक काम से फुर्सत नहीं मिलती। फिर उसी समय उसे दूसरे काम भी निपटाने की याद आ जाती है। समय सीमित है, और काम होते हैं ज्यादा। इसीलिए आज के मशीनी व तकनीकी युग में मनुष्य भी बिल्कुल मशीन की तरह नजर आता है। धर हो, आफिस हो या फिर सडकों पर दौड़ते लोग। हर आदमी दोहरा व्यस्त नजर आता है।
एक हाथ में फोन तो दूसरे हाथ से और जरुरी काम निपटाता दिखाई पड़ता है। इतनी जल्दबाजी व समय बचानें के चक्कर में अधिकतर लोग खतरे भी कम मोल नहीं लेते, और सबसे बेपरवाह बने रहते हैं। जब से मोबाइल क्रांति शहरों में आई है, लगभग तभी से फोन या मोबाइल पर बतियानें का एक अनूठा कांबिनेशन या सम्बन्ध दूसरे सभी कामों के बीच बन गया है। मसलन, एक कान पर फोन या मोबाइल लगाकर धर पर लोग रोजमर्रा के जरुरी काम निपटाते हैं। आफिसों में भी यह दृश्य काफी नजर आता है, जहां एक हाथ फोन या मोबाइल पर होता है, तो दूसरा हाथ कम्प्यूटर या लैपटाप पर होता है, या फिर पेपर वर्क निपटाया जाता है। सबसे भयावह सीन सड़कों पर देखा जाता है, लोग चलती गाड़ी में एक कान में मोबाइल को अपने एक कंधे के सहारे या हेल्मेट के अंदर धुसाकर बात करते हैं। इसी के साथ इनकी स्कूटर या मोटर साईकिल भी सड़कों पर फर्राटा मार के दौड़ती जाती है। चार
पहिया वाहनों में भी यही होता है। एक हाथ में गाड़ी का स्टीयरिंग है, और दूसरा हाथ मोबाइल में व्यस्त रहता है। सभी लोग अपनी जान व माल की चिंता फिक्र किये बगैर बड़ी बेपरवाही से बस चलते जाते हैं। इनमें से कुछ जागरुक मोबाइल धारक वाहन चलाते वक्त जब चलती गाड़ी में बात करनें के लिए ईयर फोन या ब्लूटूथ जैसे डिवाइस इस्तेमाल करते है, तब इनके गर्दन व कानों के पास लटकते हुए तारों से आदमी के हाई-टेक होने का अहसास होता है। आज का आदमी इतना व्यस्त होता जा रहा है कि जिस रोटी के लिए शख्स काम धंधा करता है, दिन भर मेहनत करता है। खाना खाते वक्त भी उसके एक हाथ में मोबाइल फोन होता है। उसका ध्यान खानें में ना होकर बातों में होता है। वह क्या खा रहा है और कैसे खा रहा है इसका उसको कुछ पता नहीं। काम धंधे की बातें हो या फिर दोस्तों सम्बंधियों से। फोन हर काम के साथ में रहता है। कारण भी है कि आदमी कभी खाली नहीं रहता, और फोन की धंटी कभी भी बज सकती है। अगर हम ध्यान से अपने दिमाग की स्थिति पर नजर डालें, तो पता चलता है कि हमारे दिमाग का एक अहम हिस्सा एक समय पर किसी एक काम के साथ सक्रिय रहता है। जबकि दूसरा हिस्सा निष्क्रिय रहकर काम करता है। फोन या मोबाइल पर बात करते हुए दिमाग बातों पर ही कंद्रित होता है। फिर बाकी के और काम जो बात करते हुए किये जाते हैं, ये काम दिमाग का निष्क्रिय हिस्सा शिथिलता के साथ निपटाता है। जाहिर है कि गाड़ी चलाते वक्त फोन पर बात करना धातक हो सकता है और उसका असर दूसरे अन्य कामों की गुणवत्ता पर भी पड़ता है। जैसे भोजन
करते वक्त बातें खानें के बहुमूल्य विटामिन व प्रोटीन को नष्ट कर देती है। क्योंकि बातों में संलिप्त
दिमाग पर्याप्त मात्रा में शरीर में पाये जाने वाले इंजाइम्स व रसासनों को भोजन में उस समय समाविष्ट
नहीं कर पाता है। एक काम तो ठीक होता है, परंतु दूसरे के परिणाम अनुकूल नहीं मिल पाते हैं।
पुराने समय की कहावत है- एक समय में एक ही काम, देता है अच्छा परिणाम। अब चरित्रार्थ नहीं दिखती। गुरुजन कहते थे-प्ले, व्हाइल यू प्ले। रीड, व्हाइल यू रीड। ईट, व्हाइल यू ईट। शायद मोबाइल युग के आ जाने से आदमी की व्यस्तता इतनी बढ़ गई है कि ये पुरानी कहावते जैसे अब नजरअंदाज व लुप्त होती नजर आती है। धर में, आफिस में, सड़क पर या भोजन के वक्त दूसरा कोई अन्य काम अचानक सुझाई दे जाता है। इतने में ही किसी का फोन आ जाता है या फिर किसी को फोन करने की याद ही आ जाती है, फिर भूल जाने के डर से तुरंत फोन मिलाना ही बेहतरी समझी
जाती है। आज की तकनीक के इस छोटे से खिलौनें के साथ लगभग हर कोई खेल रहा है। यह मोबाइल आम जिंदगी के हर पहलू में अपनी मजबूत पैठ बना चुका है। हर वक्त यह आदमी के साथ रहता है। कभी धर, आफिस या अन्य कहीं पर गलती से छूट जाने पर आदमी अपने आप को आधा महसूस करता है, और उसकी बेचैनी बढ़ जाती है। कुछ लोगों का कहना है कि एक बार जेब में पैसे न हों, जेब कट जाय। परंतु, मोबाइल साथ में होना बहुत जरुरी है। क्योंकि, यह मोबाइल किसी भी समस्या से निजात भी दिला देता है। कुछ ही क्षण में मित्रों, शुभचिंतकों को पास ले आता है। सुख या दुख
की धड़ी में मोबाइल एक अच्छे दोस्त की तरह साथ भी निभाता है।

Friday, September 3, 2010

विविध रूपों में बसा है कान्हा का विराट स्वरूप



जन्म के साथ ही कृष्ण को कई नाम मिले। कोई उन्हें देवकीनंदन कहता, तो कोई उन्हें यशोदा का नंद बुलाता है। कृष्ण ने बचपन से ही कई रूप धरे, उनके हर चरित्र को एक नया नाम मिला। उनके सभी रूपों में काफी विविधता के साथ ही एक बहुआयामी सामंजस्यता भी देखी जाती है। श्री कृष्ण अनेक रंगों में रंगे दिखते हैं व उनका हर रंग अपनी चटक छाप छोड़ मानव जीवन को यर्थाथ संदेश दे जाता है।

लगभग छह हजार साल पहले मथुरा नगरी के कारागार में भाद्र माह की अष्टमी को काली अंधियारी आधी रात में मूसलाधार बरसात हो रही थी, जब द्वापर युग में श्री कृष्ण ने अवतार लिया। जन्म के साथ ही कृष्ण को कई नाम मिले। कोई उन्हें देवकीनंदन कहता, तो कोई उन्हें यशोदा का नंद बुलाता। कृष्ण ने बचपन से ही कई रूप धरे, उनके हर चरित्र को एक नया नाम मिला। उनके सभी रूपों में काफी विविधता के साथ ही एक बहुआयामी सामंजस्यता भी देखी जाती है। श्री कृष्ण अनेक रंगों में रंगे दिखते हैं, व उनका हर रंग अपनी चटक छाप छोड़ मानव जीवन को यर्थाथ संदेश दे जाता है। अपने बाल्यकाल में ही नटखट गोपाल, किशन कन्हैया आस-पास के घरों में चुपके से जाकर माखन चुराकर खा जाते, लोगों को खूब चिढ़ाते व तंग करते। कृष्ण को माखन चोर कहा गया। यही कृष्ण खेल-खेल में गेंद निकालने के लिए शेषनाग की विषैली व उफनाती नदी में कूद गये। एकबार ब्रजवासियों को इन्द्र देव के भयंकर कोप से बचाने के लिए अपनी एक उंगली पर पूरे गोवर्धन पर्वत को उठाकर नगरवासियों की रक्षा की। गाय चराने वाले ग्वाले ने आतंतायी कंस का वध किया, ब्रजवासियों को आतंक से मुक्ति दिलाई व उन्हें पूरी निजता व स्वतंत्रता के साथ रहने का साम्राज्य मिल गया। गोपियों के नहाते वक्त उनके कपड़े उठाकर भाग जाने में तो कृष्ण की नटखट शरारत झलकती है, तो आगे चलकर जब दुष्ट दुर्योधन द्वारा भरे दरबार में द्रोपदी का चीर हरण करता है, तो इसी समय यही कृष्ण अपने चमत्कार से लाचार द्रोपदी की लाज बचाते हैं व नारी रक्षा का संदेश देते हैं। इसी बीच भगवान रूपी अवतार में श्री कृष्ण ने दोस्ती को निभाने का भी अद्भुत प्रसंग दिया जिसका उदाहरण है भगवान और दीन-दुर्बल व असहाय गरीब सुदामा की बचपन की दोस्ती। बचपन में उनके खूब बाल सखा व सखियां थीं। कृष्ण की मुरली ने लोगों को इस कदर मोहित किया कि लोग बांसुरी की धुनों पर झूमने लगते। गोपियां उनकी दीवानी हो गईं। मीरा तो श्री कृष्ण के प्रेम में इतनी दीवानी थीं कि उन्होंने अपने महलों को ही छोड़ दिया व गलियों में घूम-घूमकर उनके पे्रम भरे गीत गाती फिरतीं। कभी कृष्ण नें मुरली बजाई तो लोग मंत्रमुग्ध हो गये, और जब उन्होंने कुरुक्षेत्र के मैदान में पांचजन्य नामक महाभारत युद्ध के लिए शंख बजाया तो आश्चर्य होना स्वाभाविक था। इन दोनों के बीच कितना बड़ा आयाम है। बांसुरी से जहां उन्होंने प्रेम का संदेश दिया वहीं कुरुक्षेत्र मैदान के महाभारत युद्ध में धर्म का पाठ पढ़ाया। महाभारत युद्ध को धर्म को बचाने की खातिर सही ठहराया और धर्म की रक्षा को सर्वोपरि बताया। अर्जुन को अपराध बोध से बचाने के लिए श्री कृष्ण ने युद्ध के मैदान में उन्हें गीता का ज्ञान दिया। ब्रज की गलियों में सखियों संग रासलीला मनाने वाले किशन कन्हैया जब कुरुक्षेत्र के मैदान में खड़े होते हैंं तब बिल्कुल अलग दिखाई देते हैं। बाहर से उनके रूपों में बहुत असमानता है, परंतु अंदर से कृष्ण बिल्कुल एक ही हैं। दिखने में तो भिन्न हो सकते हैं लेकिन वास्तविक रूप से अभिन्न हैं। मुरलीवाले, किशन कन्हैया, श्याम, देवकी नंदन, गोपाल, मधूसूदन, केशव, माधव, गिरधारी, सुर्दशन चक्रधारी जैसे अनेक रूप व चरित्रों में रचे बसे कालजयी अवतार में हैं श्री कृष्ण भगवान। कृष्ण का स्वरूप इतना विराट है कि उसमें सभी कुछ एकसाथ समाया हुआ है। ग्वालों के संगी कृष्ण, सुदामा के साथ कृष्ण, राधा व मीरा के संग कृष्ण तो अर्जुन के साथ कृष्ण। कृष्ण सभी के साथ रहे।
महाभारत युद्ध में तो कृष्ण अर्जुन के सारथी बनें। श्री कृष्ण का जीवन तो पूरा अनूठा है, अद्भुत है व अलौकिक भी। कृष्ण के गीता में उपदेश धर्म और आध्यात्म की सीख के साथ पूरे व्यक्तित्व को निखारती है। जहां धर्म के सही मायने पता चलते हैं, वहीं उनके अनुसरण का रास्ता भी दिखता है। श्री कृष्ण द्वारा वर्णित गीता के सार से ही जीवन को व्यवस्थित किया जा सकता है। कृष्ण का हर रूप पूज्यनीय है, कोई बाल रूप को पूजता है, तो कोई युवा कृष्ण को। और महाभारत के कृष्ण की योग्यता व कौशल तो उनके स्वरूप को और विराट बना देता है।

Thursday, August 26, 2010

गुस्से की आग सिर्फ मुआवजे तक सीमित नहीं

जब इंसाफ बराबर नहीं होता, बगावत तभी जन्म लेती है। इसी का उदाहरण है देश की जनता के लिए अन्न उगाने वाले किसानों के साथ संघर्ष की कहानी। कभी नंदीग्राम या सिंगूर में हुई, तो अबकी बार अलीगढ़, मथुरा व आगरा के आसपास के गांवों के किसानों नें सरकार के खिलाफ बगावत का बिगुल फूंक दिया।
मसला अलीगढ़-आगरा-मथुरा पर बन रहे यमुना एक्सप्रेस-वे के लिए किसानों की उपजाऊ जमीन अधिग्रहण करने का है। किसान इसके विरोध में आ खड़े हुए हैं, क्योंकि किसी किसान को रोटी कमाकर देने वाली उसकी जमीन ही होती है। केवल शहर बसाने के नाम पर किसानों को उजाडऩा कैसे हितकर हो सकता है? भूमि अधिग्रहण जबरन व मनमानी न होकर किसानों की रजामंदी से हो तो ही अच्छा है। किसानों से उनकी रोजी-रोटी छीनने के बाद उनका जीवन यापन कैसे होगा? यह सोचना भी सरकार की नैतिक व संवैधानिक जिम्मेदारी बन जाती है। यह तो अक्सर फिल्मों में दिखाया जाता है कि कोई पूंजीपति या व्यापारी गरीबों की बस्तियां उजाड़कर वहां पर एक बहुमंजिला इमारत या बड़ा शॉपिंग कॉम्पलेक्स खोलना चाहता है। वहां की जनता इसका विरोध करती है। संघर्ष व खून खराबा होता है। इसी तरह का सीन अब किसानों के साथ भी देखा जा रहा है। एक राय में किसान अपनी जमीन सरकार को देने को तैयार हैं। बशर्ते, उनकी जमीन की कीमत नोएडा में दिये गये भूमि अधिग्रहण मुआवजे के बराबर हो। जबकि अलीगढ़ व मथुरा के कई गांवों की जमीन के मुआवजों की कीमत में ही खासा फर्क देखा जा रहा है। किसानों के साथ कोई नाइंसाफी न हो इसलिए अपनी आवाज को बुलंद करने के लिए किसानों की एक संघर्ष समिति भी बन चुकी है। जिसमें आंदोलित सभी किसान एकसाथ लामबद्ध हो रहे हैं। दूसरी तरफ किसान यह भी चाहते हैं कि उनकी अधिग्रहित जमीन का उपयोग टाउनशिप, औद्योगिक या व्यापारिक तरीके से न हो। दूसरों का पेट भरने वाले किसान, जिनके हाथों में हल होते हैं। आज इन्हीं के हाथों में खेती के औजार की जगह न्याय पाने के लिए लाठियां हैं। किसान अब आंदोलित हो रहे हैं, जिसकी साफ वजह सरकार की किसानों के प्रति उदासीन व असमान नीतियां हैं। जिसके कारण ही किसान अपने आपको ठगा महसूस करते हैं व उनके विरोधी स्वर उभर आते हैं। अलीगढ़ व मथुरा के किसान अपनी जमीन को औने-पौने दामों या सरकार द्वारा मनमानी मुआवजे पर देने को कतई तैयार नहीं है, और इसके लिए ये सब सड़कों पर उतर आये हैं। इस आंदोलन में किसानों के परिवार की महिलाएं व युवतियां भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। गैर सत्ताधारी दलों के नेता भी अब किसानों के सर्मथन में अपना-अपना नाम ऊंचा करने पहुंच रहे हैं। परंतु किसानों ने अभी किसी भी राजनीतिक दल का साथ नहीं पकड़ा है। कारण भी है कि सरकार बनाने के बाद कोई भी राजनीतिक दल किसानों के दर्द व दिक्कतों के बारे में नहीं सोचता व अभी तक कोई दल किसानों का पक्का हितैषी नहीं बन पाया। नतीजन, किसानों को किसी भी राजनीतिक दल पर भरोसा नहीं हुआ, और इसीलिए अब वह अपनी लड़ाई खुद लडऩा चाहते हैं। बसपा सरकार किसानों की जमीन का अपने मनमुताबिक मुआवजा तैयार करनें में जुटी है। उपजाऊ व पेट पालने वाली बेशकीमती जमीन की कौडिय़ों वाली कीमत किसानों को कतई रास नहीं आ रही है। वहीं पर कुछ किसान अपनी जमीन को किसी भी कीमत पर देना नहीं चाह रहे हैं। क्योंकि इन्हें इस बात का भी डर है कि जबरन भूमि अधिग्रहण के बाद इनकी जमीन का हस्तांतरण पूंजीपतियों या बड़े उद्योगपतियों के हाथों में चला जायेगा। इसी के साथ किसानों की भावी पीढिय़ां कहीं की नहीं रहेंगी। जैसे-जैसे आंदोलन की आग बढ़ती जा रही है, किसान एकजुट हो रहे हैं तथा उनकी आवाज बुलंद हो रही है। वहीं मायावती सरकार द्वारा किसानों की जमीन के मुआवजे की दर बढ़ा दी गई तथा किसानों के पुनर्वासन संबंधी योजनाओं पर विचार करना शुरू कर दिया गया। प्रदेश सरकार द्वारा अधिग्रहित जमीन के किसान परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी देनें का भी अश्वासन आ गया है।

खुद से खुश रहें, अपने प्रशंसक स्वयं बनें



निजी व व्यक्तिगत जिंदगी में तो निराशा घर कर ही जाती है और जिसका प्रतिफल उसके काम-धंधे में भी देखा जाता है। आगे चलकर ऐसे व्यक्ति अपने आपको बड़े गर्व से नास्तिक बताते हैं। क्योंकि अपने ऊपर विश्वास न होने के कारण ही उनकी भगवान पर भी आस्था नहीं रह पाती। एक बात तय है कि जो लोग खुद पर भरोसा नहीं रखते, भला उन पर दूसरे कैसे भरोसा करें?

उस हिरन की कहानी तो सभी को मालूम है कि जो सुगंध की खोज में पूरे जंगल भटकता धूमता है, जबकि असली खुशबू खुद उसी के पास होती है। इसी तरह आम जिंदगी में भी मनुष्य सुख व शांति के लिए इधर-उधर घूमता-फिरता है, और सच यह है कि असली शांति व सुख मनुष्य के अंदर पहले से ही होता है। मात्र अनुभव की कमी होती है। जरूरत केवल इस बात की है कि हम उस पर ध्यान दें व इसे विकसित कर बाहर निकालें। स्वयं से प्यार करना शुरू करें। अपने आपको प्रेम से इतना भर दें कि चारों ओर प्रेम ही प्रेम बिखर जाये। बाहरी दुनिया में हम देखते हैं कि कोई न कोई व्यक्ति किसी न किसी का प्रशंसक हो जाता है। उसे पसंद करने लगता है तथा उसे अपने जीवन का आदर्श बना लेता है। अपना प्रेरणास्रोत बना लेने से जीवन के लिए ऊर्जा उसे वहीं से मिलती रहती है। इसी के उल्टे, एक व्यक्ति को अपने जीवन से इस कदर खीज उठती है कि वह स्वयं से नफरत करने लगता है। स्थिति यह हो जाती है कि वह धीरे-धीरे निराशावाद में घिरता चला जाता है। उसके जीवन से उत्साह गायब मिलता है। ऐसे व्यक्ति अक्सर किंकर्तव्यविमूढ़ होकर बात-बात पर अपनी ही किस्मत को कोसा करते हैं। सबसे पहली बात तो ऐसा व्यक्ति अपने आपको पहचान नहीं पाता है व अपने अंदर आनंद व खुशी को पैदा करने में भी अक्षम होता है। इसका मूल कारण होता है कि स्वयं से भरोसा उठ जाना। इसका परिणाम यह होता है कि उसकी हर एक बात में नकारात्मकता ही दिखाई पड़ती है। निजी व व्यक्तिगत जिंदगी में तो निराशा घर कर ही जाती है और जिसका प्रतिफल उसके काम-धंधे में भी देखा जाता है। आगे चलकर ऐसे व्यक्ति अपने आपको बड़े गर्व से नास्तिक बताते हैं। क्योंकि अपने ऊपर विश्वास न होने के कारण ही उनकी भगवान पर भी आस्था नहीं रह पाती। एक बात तय होती है कि जो लोग खुद पर भरोसा नहीं रखते, उन पर दूसरे कैसे भरोसा करें? यह बात अपने आप में बहुत महात्वपूर्ण है, क्योंकि कहते हैं कि जो लोग खुद पर विश्वास करते हैं, उन पर सभी लोग भरोसा करते हैं। विश्वास की परंपरा भी यही है कि पहले आप अपने पर विश्वास जमाएं, फिर इसकी छाप दूसरों पर अवश्य ही पड़ेगी। सबसे पहले खुद को पसंद करना पड़ता है, फिर दूसरे पसंद करते हैं। अपना प्रशंसक पहले स्वयं बनना पड़ेगा, बाद में लोग आपकी प्रशंसा करेंगे। वास्तु शास्त्र के अनुसार अपने कमरे में व्यक्ति को अपना एक मुस्कराता हुआ फोटो अवश्य लगाना चाहिए। इसका असर होता है कि जब कभी भी किसी मुसीबत या परेशानी में खुशी के दौर का अपना चित्र देखते हैं, तो एक सकारात्मक व सधन ऊर्जा तुरंत ही महसूस की जा सकती है। ऐसी अनुभूति होने से शरीर की सारी नकारात्मक ऊर्जा, उदासी व निराशावाद अपने आप खत्म होने लगता है। ऐसा अक्सर व लगातार करने से स्वयं से प्यार बढ़ता जायेगा। जैसा कि देखा जाता है कि कभी अच्छे कपड़े पहनने पर या फिर कोई अच्छा काम करने के बाद शीशे के सामने खड़े होने से व्यक्ति को अच्छा अनुभव होता है। ठीक इसी तरह यह अनुभूति भी बढ़ती जाती है। खुद से मोहब्बत होना बहुत जरूरी है, इसके बाद ही खुदा से मोहब्बत का मतलब निकलता है। जिंदगी जीने के लिए तो असीम ऊर्जा की हर दिन आवश्यकता होती है। घरेलू काम से लेकर काम-धंधे तक हर वक्त एक खुशनुमा माहौल की जरूरत होती है। इसके लिए आवश्यक है कि व्यक्ति खुद से खुश रहे। उसके अंदर ही खुशी का अहसास रहे। एक व्यक्ति जो महसूस करता है, बाहरी तौर पर सब उसका गुणनफल ही होता है। अगर उसके अंदर खुशी का भाव है, तो बाहर भी खुशी बढ़ेगी। यदि उसके अंदर दुख या पीड़ा हुई तो निश्चित रूप से वही बढ़ेगी। एक उदाहरण है कि एक व्यक्ति की ऑफिस जाते वक्त किसी बात पर अपनी पत्नी से कहासुनी हो जाती है। इसका असर यह होता है कि आदमी की सबसे पहले टैक्सी वाले से बहस होती है, फिर चपरासी से, सहकर्मियों से व बाद में ऑफिस देर से पहुंचने पर बॉस से झाड़ पड़ती है। पूरा दिन बेकार की बहस में ही निकल जाता है। इस एक घटना से पूरे परिवारजनों का मूड खराब हो जाता है।

भारत की राजनीति में अब दिखे युवा तस्वीर


नेहरु जी का सपना सच करने के लिए नेहरु-गांधी परिवार के युवराज कहे जाने वाले युवा सोच के मालिक राहुल गांधी ने इसकी एक झलक दिखला दी है। पूरे देश में एकसाथ जमीन से जुड़े बिल्कुल नये चेहरों को राजनीति में प्रवेश दिला लोकतंत्र में एक नई व युवा नजीर पेश की। राहुल गांधी का मिशन २०१२ फतेह करने की यह नई युवा सेना होगी। जिसकी बागडोर युवा राहुल खुद संभालेंगे।

आजाद भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरु बच्चों के चाचा नेहरु कहे जाते हैं। नेहरु जी को बच्चे बहुत प्रिय थे, उन्हें बच्चों के प्रति बेहद लगाव था। इसीलिए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति वह दृढ़ संकल्पित थे। उनकी नजर में आज के बच्चे ही कल के युवा व भारत का भविष्य है। इसी कड़ी में एक फिल्म का गीत भी कहता है- इंसाफ की डगर पे बच्चों दिखाओ चलके, यह देश है तुम्हारा नेता तुम्ही हो कल के। परंतु आज अपने देश में युवाओं की तस्वीर ज्यादा अच्छी नहीं कही जा सकती है। देश की युवा जनता का हाल बहुत बेहाल है। देश के भविष्य की चिंता करने वाले जिम्मेदार राजनीतिज्ञों को युवाओं के लिए हर क्षेत्र में अवसर सुलभ कराने के साथ राजनीति को भी आम युवा वर्ग के बीच लोकप्रिय बनाना होगा। देश के विकास में सबसे बड़ी भूमिका लोकतंत्र की होती है, जिसमें देश की जनता अपना प्रत्याशी चुनकर भेजती है। उद्देश्य होता है कि संबंधित लोकसभा व विधानसभा क्षेत्र का समुचित विकास करवाना। अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले नेता या मंत्री विकासोन्मुखी योजनाओं की सिफारिश व लागू करवाते हंै। क्षेत्र का विकास इन्हीं लोगों पर निर्भर करता है। लेकिन ज्यादातर देखने में यह आता है कि आजकल की अधिकतर गठबंधन सरकारें जमीनी सुधार व विकास कराने के बजाय सरकार व अपनी सीट बचाने के काम में लगे रहते हैं। सत्ता लोलुपता के लिए शीर्ष स्तर के नेता व मंत्री भी अपनी सरकार बनाये रखने के लिए किसी भी दल या प्रत्याशी से गठजोड़ करने से भी गुरेज नहीं करते। सत्ता को हथियानें के लिए लगभग सभी छोटे-बड़े दल कुर्सी दौड़ में दिखते हैं। सत्ता पक्ष अपनी कुर्सी बचाने में लगी रहती है तो विपक्ष व अन्य दल सरकार गिराने के पक्ष में रहते हैं। जमीनी आधार पर लोक कल्याण के विकास का मुद्दा कम एक दूसरे को नीचा दिखाने की होड़ ज्यादा होती है। संसद का प्रश्नकाल तो कम ही होता है, इस बीच यहां पर आपसी उठापटक, खींचातानी व संसद के अंदर ही मारपीट व झगड़ा फसाद कर संसद का सम्मान भी कलंकित किया जाता है। देश की जनता की सुध लेने में ज्यादा कोई दिलचस्पी नहीं दिखाता, इन्हें केवल रुचि अपने निजी फायदे व पार्टी हित की होती है। देश हित की बातें अंदरूनी तौर पर कम लोगों में ही देखी जाती हैं। अक्सर टीवी पर संसद में बहस की जगह बवाल देखकर देश की जनता ठगी सी व बेचारी हो जाती है। देश के सम्मानित कर्णधार नेता लोकहित के मुद्दे छोड़कर आपसी छींटाकशी में समय जाया कर देते हंै। देश की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक पार्टी हमेशा दूसरे दल की कमजोरी व कमी ढंूढ़ा करती है ताकि मौका मिलते ही किसी को भी घसीट दिया जाये। ज्यादातर सभी दलों के बीच यही खेल चला करता है। देश के वास्तविक विकास को कोई महत्व नहीं देता। होना तो यह चाहिए कि अगर कोई दल अच्छा काम या योजना लागू करता है तो सकारात्मक तौर पर उससे अच्छी जनसेवा की भावना रखी जाये, नाकि उसकी केवल कमियां ही निकाली जाएं। अपने दल को लोकसेवा में बीस साबित करने के बजाय अक्सर पार्टियां दूसरे दल को छोटा दिखाने में ही अपनी ऊर्जा व समय नष्ट कर देते हैं। स्थिति यह है कि एक या दो सीट हासिल करने वाले तथा अपने आपको राष्ट्रीय दल कहने वाले भी इस काम में लगे रहते हैं, वो भी सत्ता पाने के जुगाड़ में लगे रहते हैं। हालत यह होती है कि मौका पड़ते ही अपनी पार्टी छोड़कर दूसरे सत्ता पक्ष के दल में जा घुसते व समर्थन दे देते हैं। एक दल का घंघोर विरोधी कब उस पार्टी का हितैषी हो जाये, इसमें भी बहुत आश्चर्य नहीं होता। आज के मौजूदा राजनीतिक माहौल में देश के राजनेता, मंत्रियों व दलों की छवि कैसे लोकप्रिय हो? यह एक अहम विषय है। जनप्रिय नेता व मंत्रियों का स्वरूप कैसा हो, कैसे ये सभी जनता व देश हित के बारे में सोचे व काम करें? इसके लिए इनके चयन में ही जमीनी बदलाव की आवश्यकता महसूस की जा सकती है। अब बारी है कि हर एक राजनीतिक दल युवाओं के बारे में गंभीरता से विचार करे तथा अपना जनाधार बढ़ाने के लिए युवाशक्ति को बागडोर सौंपे। इसकी एक अच्छी पहल हो चुकी है। नेहरु जी का सपना सच करने के लिए नेहरु-गांधी परिवार के युवराज कहे जाने वाले युवा सोच के मालिक राहुल गांधी ने इसकी एक झलक दिखला दी है। पूरे देश में एकसाथ जमीन से जुड़े बिल्कुल नये चेहरों को प्रवेश दिला लोकतंत्र में एक नई व युवा नजीर पेश की। राहुल गांधी का मिशन २०१२ फतेह करने की यह नई युवा सेना होगी। जिसकी बागडोर युवा राहुल खुद संभालेंगे। युवाओं को राजनीति में लाने के इस कार्यक्रम में सबसे अहम बात यह है कि नई पीढ़ी के जमीन से जुड़े लोगों को इसमें तरजीह दी गई है। जमीन से जुड़े साधारण लोगों को राजनीति में लाया जा रहा है। राहुल गांधी की पहल बेशक रंग लाएगी।