Monday, June 28, 2010

जिंदगी को सबक सिखाती हैं कहानियां



कहानियों के सरल माध्यम से कोई भी बात किसी को आसानी से समझाई जा सकती है। इसी तरह कई कम्पनियों के प्रोफेशनल व मार्केटिंग गुरु भी अपने सेल्स स्टाफ को विक्रय लक्ष्य पाने के लिए भी तरह-तरह की प्रेरणास्पद व उत्साहवर्धक कहानियों के माध्यम से बुस्ट-अप करने का जोशीला काम करते हैं। क्योंकि यही कहानियां हमारे अंदर जोश भरने का भी काम करती हैं। कुल मिलाकर कहानियां हमारे जीवन का अमूल्य व अहम हिस्सा हैं। ये सब हमें हमारे अस्तित्व से भी जोडऩे का काम करती हैं। कहानी हमें संस्कृति का भी ज्ञान कराती है।


बचपन के दिनों में कहानियां न हों, यह मुमकिन नहीं। हर किसी का बचपना एक बार कहानियों के दौर से जरूर गुजरता है। दादा-दादी की गोद में बैठकर कहानियां सुनते-सुनते बच्चे कब नींद में सो जाते हैं, पता ही नहीं चलता। कल के और आज के इस दौर में काफी अन्तर आ चुका है, आज जमाना हाईटेक हो गया है। फिर भी कहानियों की हमारे जीवन में अहम भूमिका हैं। बच्चे अक्सर तोता-मैना की कहानी, गुड्डे-गुडिय़ा की कहानी, राजा-रानी की कहानी, व परियों की कहानी सुनने की जिद किया करते हैं। जीवन के हर पड़ाव में कहानियां हमें सबक सिखाती हैं कभी मनोरंजन के माध्यम से तो कभी हमारे लिए प्रेरणा बनकर।
पहले के समय में मनोरंजन व समय बिताने के लिए कहानियां सुनी व सुनाई जाती थीं। बच्चे भी बड़े चाव से इन कहानियों को सुनते थे। कहानियों से बच्चे फुसलाये भी जाते थे। बच्चे अपनी पसंद की फरमाइशी कहानी भी सुनाने को कहते थे। बच्चों के लिए कई कहानियां भी हैं- उनको सुलाने के लिए अलग कहानी, हंसाने की कहानी, रस्म-रिवाजों को समझाने के लिए तीज त्योहार पर होने वाली कहानियां। अपना खाली वक्त बूढ़े दादा-दादी इस तरह बच्चों के साथ किस्सा-कहानी कहकर बिताया करते व मौज-मस्ती किया करते थे। कहानियां भी दो काम एक साथ करती हैं, एक तो समय बिताना व मनोरंजन करना तथा दूसरा-इन कहानियों से सीख देना। बच्चों को मनोरंजन के साथ अच्छी सीख के लिए भी अलग-अलग प्रकार की कहानियां कही जाती हंै।
कहानियां अब सुनने के अलावा पढ़ी भी जाती हैं। जिंदगी में कहानियां बहुत जरूरी हैं क्योंकि यह जीवन के हर पहलू को छूती व हर दौर से जुड़ी होती हैं। कहानियां मन को लुभाती हैं तो प्रेरक भी होती हैं। तमाम प्रकार की कहानी सुनकर हम सब बड़े हुए व इनसे सीख लेते हैं। यह सच है कि जो बात सीधे तौर पर बताई व समझाई नहीं जा सकती, उसके लिए प्रेरणादायक कहानियों का सहारा लेना आवश्यक होता है।
सच्ची कहानियों के साथ कभी-कभी काल्पनिक कहानियों का भी प्रयोग करना पड़ जाता है, जिसका मुख्य बिंदु होता है असल बात को पहुंचाना। इसीलिए आध्यात्मिक गुरु भी अपने प्रवचनों व विचारों में अनेक प्रकार की प्रेरक कहानी सुनाकर अपने भक्तों को समझाने का प्रयास करते हैं। कहानियों के सरल माध्यम से कोई भी बात किसी को आसानी से समझाई जा सकती है। इसी तरह कई कम्पनियों के प्रोफेशनल व मार्केटिंग गुरु भी अपने सेल्स स्टाफ को विक्रय लक्ष्य पाने के लिए भी तरह-तरह की प्रेरणास्पद व उत्साहवर्धक कहानियों के माध्यम से बुस्ट-अप करने का जोशीला काम करते हैं। क्योंकि यही कहानियां हमारे अंदर जोश भरने का भी काम करती हैं। कुल मिलाकर कहानियां हमारे जीवन का अमूल्य व अहम हिस्सा हैं। ये सब हमें हमारे अस्तित्व से भी जोडऩे का काम करती हैं। कहानी हमें संस्कृति का भी ज्ञान कराती है।
वेद-पुराणों व धार्मिक ग्रन्थों की आध्यात्मिक कहानियां हमें धर्म व धार्मिकता सिखाती हैं तथा सहिष्णुता का भी पाठ पढ़ाती हैं। वहीं महापुरुषों की प्रेरक जीवन कहानी हमें आदर्श आचरण की परिभाषा का संज्ञान कराती हैं तथा हमारे लिए अनुकरणीय भी होती हैं। देश की आजादी के बलिदानियों की वीरगाथा हमें सच्चे रास्ते पर चलने व अपनी जान को न्योछावर तक करने की नसीहत दे जाती हैं। जीवन के यथार्थ से जुड़ा हुआ कोई अनूठा किस्सा एक समय प्रेरक कहानी व प्रसंग बन जाता है। फिर इन सभी बातों का संस्मरण ही निजी जिंदगी में प्रेरणास्रोत होता है। संजय ने भी जहां अपनी दिव्यदृष्टि से महाभारत युद्ध का आंखों देखा हाल बिल्कुल कहानी की तरह से अंधे धृतराष्ट्र को सुनाया, वहीं श्री कृष्ण ने भी कुरुक्षेत्र के मैदान में गाण्डीव धारी अर्जुन को विस्तार से समझाने के लिए कई कहानियों व संस्मरणों का बोध कराया। श्री मद्भगवत गीता में भी हर एक अध्याय को अच्छी तरह से जानने व समझने के लिए अलग से महात्म्य का वर्णन किया गया है। मानवता को जानने के लिए अपनी धार्मिकता को बढ़ाने के लिए व मन तथा आत्मा को पवित्र बनाए रखने के लिए विभिन्न प्रकार से जुड़ी कहानियां हमेशा से ही हमारे लिए मार्गदर्शक व प्रेरणास्रोत रही हैं। अभी तक हम इनको केवल किताबों, ग्रन्थों, महाकाव्यों व कई प्रकार के कहानी संग्रहों को हाथों में लेकर पढ़ते आए हैं। परंतु आज के इस प्रौद्योगिकी कम्प्यूटर व इंटरनेट युग में हर प्रकार की कहानियां नेट पर केवल एक क्लिक करने से पूरे विश्व में एक साथ स्क्रीन पर मौजूद हैं।
कम्प्यूटर पर कहानियों का ऐसा अद्भुत विशाल संग्रह है जो एक बार सर्च करने से अपनी पसंद की ढेरों प्रेरणास्पद कहानियां पढ़ी जा सकती हैं। यह संसार विभिन्न प्रकार की कहानियों से भरा पडा़ है। कोई भी किस्सा कहानी हमें सही बात का संदेश देती है और उससे जुड़े यथार्थ को भली भांति समझाती है। ऐसी कहानियां हमें किसी भी भटकाव व असमंजस की स्थिति से निकालकर एक सुरक्षित स्थान पर ले जाती हैं। हर कहानी अन्त में हमें कुछ न कुछ सिखा कर जाती है तथा सही राह दिखाती है।
जिंदगी को सबक सिखाती हैं कहानियां,
फिर जिंदगी का सबब भी बनती है कहानियां।

1 comment:

  1. कहानियों का जीवन में अपना महत्व है.

    ReplyDelete